Aug 9, 2022
Bhopal: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सोमवार को वोल्वो आइशर कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड के एमडी विनोद अग्रवाल ने भेंट कर मध्य प्रदेश में 1,500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की जानकारी दी। कंपनी द्वारा पीथमपुर एवं बागरोदा में पूर्व से आटोमोबाइल उद्योग संचालित किया जा रहा है। कंपनी द्वारा आठ विनिर्माण इकाइयां स्थापित की जा चुकी हैं, जिनमें 32,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हो रहा है
मुख्यमंत्री ने एमडी अग्रवाल को आश्वस्त किया कि उन्हें राज्य शासन द्वारा पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। निर्धारित नीति के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। ऐसे उद्योग आज की आवश्यकता है और इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार भी प्राप्त होगा। अग्रवाल ने इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में नवीन प्रस्ताव के साथ साथ वर्तमान इकाइयों के क्षमता विस्तार के लिए तैयार परियोजना प्रस्ताव से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि आइशर द्वारा प्रदेश में वर्ष 1986 में पहली इकाई लगाई गई थी। वर्तमान में पीथमपुर और बागरोदा में आठ इकाइयां चल रही हैं। मध्य प्रदेश की 110 आटो कंपोनेंट इकाइयों द्वारा कंपनी की सभी यूनिट्स में सामग्री की आपूर्ति की जाती है। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन संजय शुक्ला द्वारा कंपनी के प्रस्ताव का विवरण दिया गया।