Aug 8, 2022
Jabalpur: लाठियों से पीट-पीटकर 26 साल के गोलू राजपूत की हत्या कर दी गई। घटना कैंट स्थित शीला टाकीज के सामने की रविवार की है। हत्या की एफआइआर दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
कैंट थाना प्रभारी विजय तिवारी ने बताया कि शीला कंपाउंड बैरक नंबर 30 निवासी गोलू राजपूत की आशु, शंभू, पांडू, साहिल व पप्पू के साथ रंजिश चल रही थी। गोलू राजपूत कोर्ट में संचालित वाहन स्टैंड में मजदूरी कर जीवन यापन करता था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। मां व छोटी बहन के साथ वह शीला कंपाउंड में निवास करता था। रविवार शाम करीब पांच बजे गोलू की शीला टाकीज के सामने आशु, शंभू, पांडू, साहिल व पप्पू से कहासुनी हो गई। इस बीच पांचों ने उसे लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में गोलू को गंभीर चोटें आईं। वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोलू को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल पहुंचे गोलू का उपचार शुरू किया गया, जिसके कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि गोलू व आरोपितों के बीच क्या रंजिश थी, इसका पता लगाया जा रहा है।
गोलू की मौत के बाद यह जानकारी सामने आई कि दोनों पक्षों में शनिवार रात व रविवार सुबह झगड़ा हुआ था। आरोपित पक्ष से जुड़े लोग गोलू से परेशान थे। बताया जाता है कि गोलू ने शनिवार रात आरोपित पक्ष के लोगों से विवाद किया था। जिसके बाद रविवार सुबह दोनों पक्षों में झगड़े की स्थिति बनी। आरोपित पक्ष के लोगों ने गोलू के खिलाफ कैंट थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने गोलू की तलाश शुरू की, परंतु उसके घर पर ताला लगा मिला। शाम करीब पांच बजे गोलू फिर विवाद करने की नीयत से पहुंचा। इस बीच हमलावर पक्ष उस पर भारी पड़ा। लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है।
भिंड में युवक की बेरहमी से हत्या
Bhind: शहर से लगे करीब 4 किमी दूर मोहित नगर हजूरीपुरा में अज्ञात लोगों ने एक युवक की चाकू-कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है। आरोपितों ने युवक की गर्दन काटने के साथ ही हाथ की 2 अंगुली काट दी है। सुबह 6 बजे ग्रामीणों ने युवक को सड़क पर पड़ा देखा तो मृतक के भाई को सूचना दी। देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना रविवार-सोमवार रात की है।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय धर्मवीर बघेल पुत्र हरविलास बघेल निवासी मोहित नगर हजूरीपुरा मावा बनाने का काम करते थे। रविवार रात धर्मवीर गांव में रहने वाले परिवार के भाई के साथ कहीं गए थे। इसके बाद वह रातभर घर नहीं आए। सुबह 6 बजे धर्मवीर का शव घर से करीब 30 मीटर दूर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शहर के स्वतंत्र नगर में रहने वाले मृतक के बड़े भाई रामदुलारे बघेल को दी। भाई ने देहात थाने को सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंच गया। रामदुलारे के मुताबिक धर्मवीर की बेरहमी से हत्या की गई है। गले पर चाकू और कुल्हाड़ी से वार किया गया है। साथ ही हाथ की दो अंगुलियों को भी काटा गया है। हत्या किन कारणों से की गई है, फिल्हाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास भी पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ये भी पता कर रही है कि मृतक का हाल ही में किसी से कोई विवाद तो नहीं हुआ है।