Aug 8, 2022
Indore: आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के दौरान शुरू हुए तिरंगा अभियान और अन्य तरह के आयोजनों में इंदौर के व्यापारी और व्यापारिक संगठन भी पूरे जोश से शामिल हो रहे हैं। इंदौर की अनाज मंडी ने आजादी के अमृत महोत्सव को ध्यान में रख अनोखा निर्णय लिया है। संयोगितागंज (छावनी) अनाज मंडी में अब हर दिन दोपहर में राष्ट्रगान होगा। व्यापारी और किसान इसमें हिस्सेदारी करेंगे।
इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ की ओर से यह घोषणा की गई है। सोमवार से छावनी मंडी में राष्ट्रगान का सिलसिला शुरू किया जा रहा है। हर दिन दोपहर 12 बजे मंडी में राष्ट्रगान होगा। इसमें मंडी में कारोबार कर रहे सभी व्यापारी और किसानों के साथ हम्माल-मजदूर व सभी लोग शामिल होंगे। अनाज तिलहन व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार दोपहर ठीक 12 बजे व्यापार रोककर राष्ट्रगान गाया जाएगा। इसके बाद फिर से व्यापार शुरू होगा। एसोसिएशन के सभी सदस्य इसमें शामिल होंगे। मंडी प्रशासन को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। राष्ट्रगान के दौरान व्यापार और नीलामी भी रोक दी जाएगी ताकि सभी लोग इसमें शामिल हो सके। सोमवार यानी 8 अगस्त से शुरू हुआ सिलसिला 15 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा।
पांच बस्तियों में फहराएंगे तिरंगा
आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित विशेष आयोजनों और तिरंगा अभियान में इंदौर के अन्य बाजार और व्यापारी भी शामिल हो रहे हैं। अहिल्या चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ने घोषणा की है कि चैंबर शहर की पांच बस्तियों के हर घर पर तिरंगा फहराएगी। इसके लिए व्यापारी 1200 से ज्यादा तिरंगे खरीद रहे हैं। मिल क्षेत्र की पुरानी बस्तियों के घरों पर व्यापारी खुद जाकर तिरंगा लगाएंगे।इसके साथ सभी बाजारों की हर दुकान और हर व्यापारी के घर भी तिरंगा फहराया जाएगा। 13 अगस्त को सभी व्यापारी एक बड़ी तिरंगा यात्रा राजवाड़ा क्षेत्र के बाजारों में निकालेंगे।